10 बीएचआर 08 - बहराइच के सिद्धनाथ मंदिर परिसर में बुधवार को महाशिवरात्रि की पूर्वसंध्या पर फूलों से ?
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। महाशिवरात्रि का पर्व बृहस्पतिवार को उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इसे लेकर मंदिर की साफ-सफाई के साथ मंदिर के बाहर व घाटों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। घाटों पर गोताखोर मौजूद रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। घाट से लेकर मंदिर व मार्गों की कड़ी निगरानी के लिए मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती की गई है।
शहर के पांडवकालीन सिद्वनाथ मंदिर में सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो जाएगा। सिद्धनाथ मंदिर के महामंडलेश्वर रविगिरी जी महराज ने बताया कि सुबह से ही शिवभक्तों के आने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। श्रद्धालुओं को जलाभिषेक करने में समस्या न हो, इसके लिए मंदिर के बाहर व अंदर बैरिकेडिंग करा दी गई है। महामंडलेश्वर की देखरेख में सेवकों को जलाभिषेक के लिए लगा दिया गया है। आने वाले श्रद्धालुओं का जलाभिषेक मंदिर में मौजूद सेवक कराएंगे।
महामंडलेश्वर प्रसाद वितरित कर भक्तों को आशीर्वाद देंगे। उधर, मटेरा के जंगलीनाथ मंदिर में भी जलाभिषेक व पूजा-अर्चना के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई है। महंत मून बाबा ने बताया कि श्रद्धालुओं को असुविधा न हो, इसके लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसी तरह पयागपुर के बागेश्वर मंदिर, नवाबगंज के मंगलीनाथ मंदिर, नानपारा के शिवाला बाग, विश्वनाथ समेत अन्य शिवालयों में भी तैयारियां पूरी कर ली गई है। उधर, एसपी विपिन मिश्रा बुधवार को शहर के पांडवकालीन सिद्धनाथ मंदिर पहुंचे। मौके पर मौजूद सीओ सिटी टीएन दूबे व नगर कोतवाल अरुण द्विवेदी को जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया। - सुबह चार बजे से मरीमाता मंदिर से सिद्धनाथ मंदिर के लिए निकलेगी कांवड़ यात्रा
- सुबह चार बजे से जिले के शिवालयों में शुरू होगा जलाभिषेक
- शाम पांच से सिद्धनाथ मंदिर से निकलेगी महाकाल बाबा की बरात
- शाम सात बजे धनकुट्टीपुरा मोहल्ले से निकलेगी शिव बरात
- शाम सात बजे गुलामअलीपुरा मोहल्ले से निकलेगी शिव बरात