जरवल (बहराइच)। दिल्ली से सवारियों को लेकर आई प्राईवेट बस सोमवार को घाघराघाट चौकी के पास सवारी उतार रही थी। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस में टक्कर मार दी, जिससे बस खड्ड में गिर गई। बस में सवार दो यात्री घायल हुए हैं, जिनको इलाज के बाद घर भेज दिया गया है। पुलिस ने चालक व ट्रक को कब्जे में ले लिया है। हादसे में बस में सवार यात्री बाल-बाल बच गए।
दिल्ली से प्राईवेट बस संख्या यूपी 40 टी 9786 दिल्ली से यात्रियों को लेकर रवाना हुई। बस में विभिन्न क्षेत्र के यात्री सवार थे। बस जरवलरोड थाना क्षेत्र के लखनऊ-बहराइच मार्ग पर घाघराघाट के निकट रुक कर सवारी को उतार रही थी। इसी दौरान ट्रक संख्या यूपी 43 टी 8725 ने बस में पीछे से टक्कर मार दी। बस गांव निवासीसुशील के कुमार के आटा चक्की व कोल्हू कारखाने पर पलटते हुए खड्ड में जा गिरी। जिससे कारखाना पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं बस में सवार खासेपुर गांव निवासी शेष कुमार (18) पुत्र रमेश कुमार समेत दो यात्री घायल हो गए।
दोनों को प्राईवेट चिकित्सकों के यहां पुलिस ने भर्ती कराया। इलाज के बाद घर भेज दिया गया। थानाध्यक्ष रमेश कुमार का कहना है कि हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंचा गया। बस में 40 यात्री सवार थे। दो को ही मामूली चोट आई। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।