बहराइच। प्रदेशीय बॉक्सिंग और जूडो प्रतियोगिताओं में देवीपाटन मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए बहराइच के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने अलग-अलग भार वर्गों में कुल छह पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। क्रीड़ा सचिव विवेक रावत ने बताया कि 27 सितंबर को लखनऊ में हुई प्रदेशीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में एसपीवीपी इंटर कॉलेज सेमरहना के छात्र अब्दुल बशर ने 56-60 किग्रा भार वर्ग में रजत पदक जीता। राजकीय इंटर कॉलेज बहराइच के छात्र किशन वर्मा ने 54-57 किग्रा भार वर्ग में कांस्य और एमपीआईएनएस शिक्षण संस्थान के छात्र हर्षित ने 48-50 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।
वहीं सहारनपुर में आयोजित जूडो प्रतियोगिता में चौधरी सियाराम इंटर कॉलेज की छात्रा राधिका मिश्रा और पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय गजाधरपुर के छात्र आदित्य वर्मा ने रजत पदक जीता। अजीजपुर जूडो एकेडमी के छात्र सगीर ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि पर प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक यशवंत सिंह, राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य नगेन्द्र कुमार, जिला कोषाध्यक्ष एवं गांधी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जसवंत सिंह, टीम मैनेजर शिवेंद्र सिंह, टीम कोच राहुल वर्मा और बॉक्सिंग कोच अनुराग चौधरी समेत क्रीड़ा समिति के सदस्यों ने खिलाड़ियों को बधाई दी। अधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करेंगे।
पदक जीतने वाले खिलाड़ी।
पदक जीतने वाले खिलाड़ी।