रुपईडीहा। रंजीतबोझा गांव में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। युवक 19 सितंबर को नेपाल जाने की बात कहकर घर से निकला था। अगले दिन उसका शव गांव के बाहर सड़क किनारे झाड़ियों में मिला था।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की थी। मृतक की पत्नी नगमा की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की थी। मृतक तसव्वर नेपाल में कबाड़ खरीदने और बेचने का काम करता था। 19 सितंबर सुबह वह परिजनों से नेपाल जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की थी। 20 सितंबर सुबह ग्रामीणों ने उसका शव झाड़ियों में पड़ा देखा था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू की थी।
रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने शिवपुर मोहरनिया से रुपईडीहा जाने वाले मार्ग स्थित एक बाग से आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में रंजीतबोझा गांव निवासी मो. नसीम, अरमान अहमद और साबिर अली शामिल हैं। एएसपी ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि तीनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।