फखरपुर। लखनऊ-बहराइच राजमार्ग पर बृहस्पतिवार की देर रात एक ऑटो सड़क किनारे खड़े कैटल कैचर वाहन से टकरा गया। कैटल कैचर वाहन में पार्किंग लाइट न जलना हादसे का कारण बताया जा रहा है। हादसे में फखरपुर निवासी चार लोग घायल हो गए। सभी लोग रिश्तेदारी से वापस लौट रहे थे। पुलिस कर्मियों ने घायलों को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज भेजा।
फखरपुर निवासी सलमान (28), सलमा (20), फिज्जू (22) व आठ वर्षीय रिजा निवासी ग्राम माधोपुर बृहस्पतिवार को कैसरगंज स्थित अपनी रिश्तेदारी में आयोजित एक कार्यक्रम में गए थे। सभी लोग देर रात एक ऑटो रिक्शा से वापस घर लौट रहे थे। रुकनापुर के पास ऑटो रिक्शा सड़क किनारे खड़े कैटल कैचर वाहन से टकरा गया। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। हादसे में सलमान के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। फिज्जू व रिजा को भी गंभीर चोटें आ गईं।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस कर्मियों ने सभी घायलों को सीएचसी कैसरगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। ऑटो में सवार जावेद अहमद ने बताया कि बरसात होने के कारण रास्ता ठीक से दिख नहीं रहा था। इसके साथ ही कैटल कैचर वाहन में पार्किंग लाइट भी नहीं जल रही थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। थाना प्रभारी राजकुमार राजभर ने बताया कि घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।