बहराइच। भकुरहा गांव में कर्बला की जमीन पर मुहर्रम को लेकर एकत्र हुई भीड़ को भगाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। दो दरोगा व चार सिपाहियों को भी मामूली चोटें आईं। सूचना पर भारी संख्या में पहुंची पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद हालात नियंत्रित हुए। एसपी ने मुकदमा दर्ज करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
खैरीघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत भकुरहा गांव स्थित कर्बला पर बुधवार दोपहर काफी संख्या में भीड़ जुट गई थी। भीड़ की सूचना पाकर गश्त पर निकले उपनिरीक्षक रामबिलास व जगदीश कुमार सिपाही देवेंद्र, प्रभाकर, शुभम और सोनू के साथ मौके पर पहुंच गए। भीड़ को हटाने का प्रयास किए जाने पर लोग उग्र हो गए। सभी ने पुलिस टीम पर हमले का प्रयास किया। भीड़ की ओर से पत्थर भी चलाए गए जिसमें सिपाही शुभम की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। उसकी नंबर प्लेट आदि टूट गई।
घटना की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक पंकज सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। भारी संख्या में पहुंची पुलिस फोर्स ने हालात को नियंत्रित किया। कुछ ग्रामीणों को हल्की चोटें भी आई हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार मिश्रा ने बताया कि बाइक को लेकर जाने के दौरान गिरने से वह क्षतिग्रस्त हुई है। भीड़ एकत्र होने की सूचना मिलने पर पुलिस गई थी। मामले में केस दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।