रिसिया। विशुनापुर गांव में बुधवार शाम मुखबिरी के शक में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाठियों से हमला कर दिया। इसमें एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को रिसिया सीएचसी पहुंचाया। पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दिवाली पर गांव के बाहर कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। इसकी सूचना किसी ने थाने में दे दी थी। पुलिस ने गांव पहुंचकर जांच-पड़ताल की और कुछ लोगों के नाम नोट किए थे। गांव निवासी संजय और राजू को शक था कि उनके पट्टीदार तरुण ने पुलिस को जुआ खेलने की सूचना दी है। इसी बात को लेकर वे तरुण से नाराज थे।
बुधवार शाम संजय, राजू, केशव और आकाश तरुण के घर पहुंच गए। वहां बैठे तरुण पर लाठियों से हमला कर दिया। पति को बचाने पहुंचीं सुमन देवी और तरुण के भाई नरेश को भी पीटकर घायल कर दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को स्वास्थ्य परीक्षण के लिए रिसिया सीएचसी भेजा।
थाना प्रभारी करुणाकर पांडेय ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। एएसपी डीपी तिवारी ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी घर से लापता हैं। उनकी तलाश की जा रही है।