बहराइच के जरवल कस्बा में स्थित एक बाबा की कुटिया में घुसे चोर को पकड़ने गई डायल 112 की टीम पर चोर ने दरवाजा खोलते ही हमला बोल दिया। हमले में सिपाही समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए किसी तरह चोर को दबोचा। पुलिस ने चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने के लिए न्यायालय रवाना कर दिया।
जरवलरोड थाना क्षेत्र के जरवल कस्बा के ईदगाह मैदान में आश्रम स्थित है। यहां पर बाबा मुदस्सिर रहते है। आश्रम में गुरुवार की भोर चोरी करने की नियत से एक युवक घुस गया। चोर को घुसता देख बाबा ने आश्रम का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। आश्रम मेंं चोर घुसने की सूचना डायल 112 को दी।
सूचना पर पहुंचे डायल 112 के सिपाही सुधीर कुमार सिंह व विनय यादव ने जैसे ही आश्रम का दरवाजा खोला तो चोर ने आश्रम में रखे कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। चोर के हमले में सिपाही व बाबा घायल हो गए। पुलिस ने किसी तरह जान बचाते हुए चोर को गिरफ्तार किया। पकड़े गए चोर की पहचान नयूम पुत्र याकूब के रूप में हुई। जरवलरोड थानाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि वह नशेड़ी की तरह दिखने में लग रहा है। पकड़े गए चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा रहा है।