विकास खंड चित्तौरा के सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण शुक्रवार को दोपहर बाइक से रिसिया जा रहे थे। इसी दौरान नानपारा-बहराइच मार्ग पर तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वह मूलत: सुल्तानपुर के निवासी हैं।
विकास खंड चित्तौरा अंतर्गत सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण के पद पर प्रमोद कुमार सिंह (38) पुत्र देवी प्रसाद की तैनाती थी। उनके पास रिसिया का भी प्रभार था। दोपहर करीब एक बजे वह जिला मुख्यालय से रिसिया जा रहे थे। बाइक सवार सहायक विकास अधिकारी जब नानपारा-बहराइच मार्ग पर रामगांव थाना अंतर्गत प्यारेपुर गांव के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही सहायक विकास अधिकारी ने दम तोड़ दिया। हालांकि आनन-फानन में एंबुलेंस बुलवाई गई। बेदम हालत में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर विकास खंड चित्तौरा के दिनेश सिंह समेत सभी कर्मचारी अस्पताल पहुंचे। चित्तौरा में तैनात वरिष्ठ लिपिक दिनेश सिंह ने बताया कि प्रमोद कुमार मूलत: सुल्तानपुर जिले के नबीपुर डिहवा गांव के निवासी हैं। उनका परिवार भी वहीं रहता है। पोस्टमार्टम के बाद शव को पैतृक गांव भेजने की तैयारी है।