पयागपुर सीएचसी पर धरना-प्रदर्शन करतीं आशा बहुएं।
- फोटो : BAHRAICH
खुटेहना (बहराइच)। क्षेत्र की आशा बहुओं ने 10 सूत्री मांगों को लेकर शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने सीएमओ को संबोधित ज्ञापन सीएचसी अधीक्षक को सौंपा। मांगों का निस्तारण न होने पर आशा बहुओं ने आठ नवंबर को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने की बात कही।
पयागपुर विकास खंड की आशा बहुओं ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में 10 सूत्रीय मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान आशा बहुओं ने कहा कि उनके द्वारा कराए गये टीकाकरण का भुगतान काम के सापेक्ष कम दिया जाता है। आशा संगिनी की ओर से किए गये कार्य का भुगतान का कोई ब्यौरा चस्पा नहीं किया जाता है। संगिनी का भुगतान लंबे समय से बकाया है।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का भुगतान एक वर्ष बीत जाने के बाद भी नहीं किया गया है। एएनएम की ओर से आशा बहुओं के साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया जाता है।
शासन की ओर से प्रथम बच्चे के जन्म पर दी जाने वाली अनुग्रह राशि के फार्म जल्दी स्वीकार नहीं किए जाते हैं। साथ ही फार्म जमा करने का शुल्क मांगा जाता है। प्रदर्शन के बाद आशा बहुओं ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. एनबी जायसवाल को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान आशा बहुओं ने कहा कि मांगों पर कार्रवाई न होने पर वे आठ नवंबर को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगेी।