बहराइच स्थित दुकान में कूलर-पंखों की खरीदारी करते लोग। -संवाद
बहराइच। जैसे-जैसे गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू किया है, वैसे-वैसे कूलर और पंखों की खरीदारी भी तेज हो गई है। शहर के प्रमुख बाजारों में इन दिनों इलेक्ट्रॉनिक दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिल रही है। लोग अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से कूलर व पंखे खरीद रहे हैं, जिससे बाजारों में रौनक बढ़ गई है।
शहर के पीपल तिराहा, चौक बाजार, कचहरी रोड, घंटाघर और अग्रसेन चौराहे पर स्थित दुकानों में ग्राहकों की आवाजाही बनी रहती है। दुकानदारों का कहना है कि अचानक बढ़ी मांग को देखते हुए उन्होंने पहले से ज्यादा स्टॉक रखना शुरू कर दिया है। साथ ही बाहर से भी नए कूलर और पंखों का ऑर्डर दिया जा रहा है, ताकि ग्राहकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
दुकानदार सनी ने बताया कि छोटे कूलर की कीमत 1500 रुपये से शुरू होकर 4000 रुपये तक है, जो छोटे कमरों और दुकानों के लिए उपयुक्त हैं। वहीं बड़े कूलर जो बड़े हॉल या ज्यादा ठंडक के लिए लिए जाते हैं, उनकी कीमत 4300 रुपये से लेकर 15000 रुपये तक है।
दूसरी ओर दुकानदार जीतेंद्र ने बताया कि छत के पंखों की बिक्री भी तेजी से बढ़ी है। खासकर बिजली की कम खपत वाले पंखों की मांग अधिक है। 80 वॉट से लेकर 200 वॉट तक के पंखे ग्राहक ज्यादा पसंद कर रहे हैं।
हनीकॉम्ब कूलरों की बढ़ी मांग
पिछले दो-तीन वर्षों में घास वाले कूलरों की जगह हनीकॉम्ब कूलरों की मांग तेजी से बढ़ी है। दुकानदारों के अनुसार हनीकॉम्ब पानी में जल्दी खराब नहीं होता और इसकी उम्र भी ज्यादा होती है। यह घास वाले कूलर के मुकाबले बेहतर ठंडक देता है, इसलिए ग्राहक इसे ज्यादा पसंद कर रहे हैं।