बहराइच। रष्ट्रीय रिकॉर्ड धारी धावक अर्नव सिंह की टीम ने 70वीं एसजीएफआई राष्ट्रीय विद्यालयी एथलेटिक्स प्रतियोगिता में नया कीर्तिमान बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। मध्य प्रदेश के शिवपुरी स्थित सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम ने अंडर-17 बालक वर्ग की 4×400 मीटर रिले दौड़ में 3 मिनट 16.34 सेकंड का समय निकालकर एसजीएफआई मीट रिकॉर्ड तोड़ दिया। मुकाबले में तमिलनाडु को रजत और केरल को कांस्य पदक मिला।
उत्तर प्रदेश की टीम में अर्नव सिंह के साथ मयंक बहादुर, समीर खान और शौर्यवीर सिंह शामिल थे। चारों खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल के साथ दौड़ पूरी की। इससे पहले एसजीएफआई मीट रिकॉर्ड 3 मिनट 21.62 सेकंड का था।
तमिलनाडु की टीम 3 मिनट 16.71 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रही और रजत पदक जीता। केरल की टीम ने 3 मिनट 19.01 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक हासिल किया।
अर्नव और उनके साथी खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रशिक्षकों और खेल अधिकारियों ने खुशी जताते हुए सभी को बधाई दी।