खेल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते खिलाड़ी। -संवाद
बहराइच। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से सोमवार को इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में विधायक खेल स्पर्धा का आयोजन किया गया। सदर विधायक अनुपमा जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर इसका शुभारंभ किया। उन्होंने 100 मीटर बालक वर्ग की दौड़ को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता की शुरुआत कराई। 200 मीटर जूनियर बालक दौड़ में गुलशन कुमार और जूनियर बालिका में अर्चना ने बाजी मारी।
सदर विधानसभा क्षेत्र के करीब 550 खिलाड़ियों ने इस खेल स्पर्धा में एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, फुटबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। खिलाड़ियों में गजब का जोश दिखा और पूरे दिन स्टेडियम खेल गतिविधियों से गुलजार रहा।
बैडमिंटन जूनियर बालिका वर्ग में आराध्या त्रिपाठी ने पहला स्थान प्राप्त किया। फुटबॉल जूनियर बालक वर्ग में दिव्याशु भारद्वाज की टीम विजेता रही।वॉलीबॉल जूनियर बालक में स्टेडियम की टीम और सीनियर बालक में ग्रामोदय स्कूल की टीम विजेता बनी।
कबड्डी के सीनियर बालक में स्टार स्पोर्ट्स टीम और जूनियर बालक में राजकीय इंटर कॉलेज की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर पूजा चौधरी, क्रीड़ाधिकारी आनंद कुमार श्रीवास्तव और क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी देवेश शुक्ला आदि मौजूद रहे।