बहराइच। जिले के किसानों को आधुनिक कृषि यंत्र खरीदने के लिए तीसरी बार मौका दिया गया है। उप कृषि निदेशक विनय कुमार वर्मा ने बताया कि सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन और इन-सीटू योजनाओं के तहत कृषि यंत्रों की बुकिंग शुरू हो गई है। किसान 26 नवंबर से पांच दिसंबर 2026 की रात 12 बजे तक दर्शन-1 पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योजना के तहत फार्म मशीनरी बैंक, कस्टम हायरिंग सेंटर, कृषि ड्रोन, कंबाइन हार्वेस्टर, पावर टिलर, चारा कटर, लेजर लैंड लेवलर, हैरो, कल्टीवेटर, सुपर सीडर, रीपर और रोटावेटर समेत कई कृषि यंत्रों की बुकिंग की जा सकती है।
उप कृषि निदेशक ने किसानों से निर्धारित समय में अपनी पसंद के कृषि यंत्र की बुकिंग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि लक्ष्य से अधिक आवेदन आने पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय समिति के समक्ष ई-लॉटरी के माध्यम से किसानों का चयन किया जाएगा।