बहराइच। जिले के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले लाखों छात्र-छात्राओं की वार्षिक परीक्षाएं 16 मार्च से शुरू होकर 20 मार्च तक चलेंगी। परीक्षा को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रश्नपत्र तैयार कराने से लेकर उन्हें सुरक्षित तरीके से विद्यालयों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराई जा सके।
जिले के कुल 2803 परिषदीय विद्यालयों के कक्षा एक से आठ तक के छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) पयागपुर में तैयार किए जाएंगे। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रश्नपत्रों को सभी ब्लॉक संसाधन केंद्रों तक भेजा जाएगा और वहां से संबंधित विद्यालयों को वितरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कक्षा पांच और कक्षा आठ की परीक्षाएं बोर्ड पैटर्न पर कराई जाएंगी, इसलिए इन परीक्षाओं में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। परीक्षा के दौरान नकल रोकने के लिए ब्लॉक स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारियों के नेतृत्व में सचल उड़नदस्ता गठित किए गए हैं, जो विभिन्न विद्यालयों में औचक निरीक्षण करेंगे।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि परीक्षा के दौरान किसी छात्र को नकल करते हुए पाया गया या किसी विद्यालय में नकल कराई जाती हुई मिली, तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही विद्यालय के जिम्मेदार शिक्षकों पर भी विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। विभाग का प्रयास है कि परीक्षाएं पूरी निष्पक्षता और शुचिता के साथ संपन्न हों।