बहराइच। गौरा पिपरा उप स्वास्थ्य केंद्र पर प्रसव कराने गई महिला के पति से एएनएम ने इलाज के नाम पर 500 रुपये लिए। इसके बाद प्रसव व इलाज के लिए 1300 रुपये की मांग की। विरोध करने पर विभागीय कार्रवाई करवाने की धमकी दी। हालांकि महिला ने बेटी को जन्म दिया। पति ने सीएचसी अधीक्षक को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। अधीक्षक ने दो सदस्यीय टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं।
तहसील क्षेत्र मोतीपुर अंतर्गत गौरा पिपरा गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र स्थित है। गांव निवासी विनोद कुमार पुत्र रिखई ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरएन वर्मा को पत्र देकर कहा है कि पांच नवंबर को पत्नी निक्की देवी को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। इस पर वह स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां तैनात एएनएम बबिता ने इलाज के नाम पर 500 रुपये लिए। प्राथमिक इलाज कर दवाइयां दी। इसके बाद समय न होने की बात कहकर घर वापस भेज दिया।
बताया कि नौ नवंबर को फिर प्रसव पीड़ा होने पर वह पत्नी को लेकर उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। स्वास्थ्य केंद्र पर रात तीन बजे पत्नी ने बेटी को जन्म दिया लेकिन प्रसव के बाद एएनएम ने इलाज व प्रसव कराने के लिए 1300 रुपये की मांग की।
इस पर विनोद ने अस्पताल में फ्री में दवा व इलाज होने की बात कहकर रुपये देने से इंकार कर दिया। उसने अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही। इससे नाराज एएनएम ने विभागीय मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। विनोद ने सीएचसी अधीक्षक को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
गौरा पिपरा गांव निवासी विनोद कुमार ने शिकायती पत्र दिया है। शिकायत गंभीर है। सीएचसी के डीसीपीएम कंचन ऋषि यादव व एचईओ जेके चौबे को जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. आरएन वर्मा, अधीक्षक सीएचसी