कोतवाली नगर के अकबरपुरा नईबस्ती में तेजाब से हमला के बाद झुलसा युवक।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। शहर के अकबरपुरा नई बस्ती मोहल्ला निवासी एक युवक शनिवार की रात अपनी पत्नी की पिटाई कर रहा था। उसे बचाने के लिए बड़े भाई और उसके बच्चे दौड़कर मौके पर पहुंचे। इससे नाराज युवक ने उन सभी के ऊपर बैट्री में डालने के लिए रखा तेजाब फेंक दिया।
परिवारीजनों के इधर-उधर हो जाने से तेजाब मामूली रूप से ही उनके ऊपर पड़ा, लेकिन वह झुलस गए। झुलसे चार लोगों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहीं, दोनों पक्षों ने थाने में किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं करने का प्रार्थना पत्र दिया है।
कोतवाली नगर अंतर्गत मोहल्ला अकबरपुरा नईबस्ती निवासी रमाकांत सोनी शनिवार की रात अपनी पत्नी की मामूली कहासुनी के बाद पिटाई कर रहा था। उसकी चीख पुकार सुनकर बड़े भाई शिवनारायन सोनी (50) दौड़ कर मौके पर पहुंचे, जिस पर रमाकांत ने उनसे भी झगड़ा शुरू कर दिया।
पिता को भाई से झगड़ते देख शिवनरायन सोनी का बेटा अमित सोनी (20) और रूबी सोनी (22) व श्वेता सोनी (18) भी बचाने के लिए दौड़ पड़े। इसी बीच गुस्साए रमाकांत ने पास में ही रखी तेजाब की बोतल उन सभी के ऊपर उड़ेल दी।
सभी के इधर-उधर हट जाने से मामूली रूप से ही तेजाब पड़ा। हालांकि चारों लोग झुलस गए। उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। रात को ही उपचार के बाद सभी घर चले आए। प्रभारी निरीक्षक सर्वेद्रनाथ ने बताया कि दोनों भाइयों ने पारिवारिक विवाद का हवाला देते हुए किसी भी कानूनी कार्रवाई नहीं किए जाने का लिखित प्रार्थना पत्र दिया है। जिसके चलते केस नहीं दर्ज किया गया है।