बहराइच। मोतीपुर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की दोपहर तेज रफ्तार बाइक सवार ने सड़क पार कर रही वृद्धा को टक्कर मार दी। हादसे में वृद्धा की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुर्तिहा कोतवाली के ग्राम पंचायत घुमनाभारू निवासी श्यामा देवी (60) बृहस्पतिवार की दोपहर जालिमनगर गई थी। इस दौरान सड़क पार करते समय उन्हें लखीमपुर की ओर से आ रही रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में श्यामा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की सूचना पर पहुंचे जालिमनगर चौकी प्रभारी दिवाकर तिवारी ने उन्हें सीएचसी पहुंचवाया। जहां उनकी मौत हो गई। चौकी प्रभारी दिवाकर तिवारी ने बताया कि टक्कर मारने वाले लखीमपुर के सिसैया थाना क्षेत्र के धौरहरा निवासी अकील को बाइक समेत कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। (संवाद)