फखरपुर पुलिस द्वारा चोरी की डीसीएम के साथ पकड़ा गया चोर। स्रोत पुलिस विभाग।
फखरपुर (बहराइच)। थाना पुलिस ने बुधवार को भकला चौराहे से चोरी की डीसीएम सहित एक चोर को पकड़ लिया। पुलिस ने डीसीएम से जल जीवन मिशन से संबंधित 10 लाख रुपये कीमत के 84 पाइप व एक बाइक बरामद की है। पकड़े गए अंतरजनपदीय चोर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
थाना पुलिस ने बताया कि गत 19 मई को गोंडा जिले के थाना परसपुर कृपापुरवा मलांव निवासी हरिगोविंद सिंह की तहरीर पर गोंडा कटरा बाजार निवासी नसरूल्ला, हुजूरपुर निवासी ज्ञानेंद्र उर्फ सिताशू और रानीपुर बुलहा हरिहरपुर निवासी राजू पर चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया था। बुधवार को पुलिस टीम ने भकला चौराहा फखरपुर के पास से गुजरने वाली पाइपों से लदी डीसीएम को रोका। चालक गोंडा निवासी नसरूल्ला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने क्षेत्र से जल जीवन मिशन के तहत पाइपों को चोरी की थी। डीसीएम भी चोरी की है। वाहन से चोरी के 10 लाख रुपये कीमत के 84 पाइप रखे मिले। वहीं उसके पास से चोरी की एक बाइक भी बरामद हुई। पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।