चरदा। बाबागंज-मल्हीपुर मार्ग पर करोड़ों रुपये की लागत से निर्माणाधीन मंडहवा पुल की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे पुल की मजबूती और सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।
ग्रामीणों के अनुसार मंडहवा पुल के बनने से बाबागंज, मल्हीपुर, श्रावस्ती और बलरामपुर के बीच आवागमन सुगम होगा तथा हजारों लोगों को लाभ मिलेगा, लेकिन पुल की तलहटी और फर्श निर्माण में मानक के अनुरूप सीमेंट और सरिया का उपयोग नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि सरिया का जाल अपेक्षाकृत कम बिछाया गया है और सीमेंट की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं दिख रही है। गांव निवासी परमानंद वर्मा, चंद्रमणिकांत वर्मा, परशुराम, जोखनलाल, राधे वर्मा, भूरे, अख्तर अली और चांद अली सहित 150 से अधिक ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर निर्माण सामग्री की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी है।