मिहींपुरवा के बड़खड़िया में मानक विपरीत डामर मार्ग की मरम्मत होने पर नाराजगी जताते ग्रामीण।
मिहींपुरवा (बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग में बडखडिया से बाजपुर वनकटी जाने वाले संपर्क मार्ग के निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग करा रहा है। लेकिन कार्य शुरू होते ही ग्रामीणोंं ने मानक विहीन कार्य होने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत डीएम से कर जांच कराने की मांग की है।
जर्जर हो चुके बडखडिया से बाजपुर वनकटी संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य शुरू करवाया गया है। लेकिन स्थानीय ग्रामीणों में मार्ग का मानक विहीन निर्माण होने को लेकर आक्रोश है। मंगलवार को ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क के लिए सीधे धूल-मिट्टी पर डामरीकरण किया जा रहा है। जबकि डामर डालने से पहले उस पर इमलसन डालना चाहिए। इससे एक ओर सड़क बन रही है तो दूसरी ओर उधड़ भी रही है। इस पर ग्रामीणों व भाजपा नेता प्रमोद कुमार आर्या ने डीएम से शिकायत कर सड़क निर्माण की जांच कराने की मांग की है।