बहराइच। विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी-जी राम जी) में जॉबकार्ड धारक श्रमिकों की जगह किसी दूसरे व्यक्ति की हाजिरी लगाना आसान नहीं होगा। केंद्र सरकार ने योजना की निगरानी व्यवस्था को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जोड़ दिया है। इसके तहत कार्यस्थल पर उपस्थिति दर्ज करते समय श्रमिक की फोटो का एआई से सत्यापन किया जाएगा। किसी दूसरे व्यक्ति की फोटो से हाजिरी लगाने का प्रयास होने पर सिस्टम उसे पहचान लेगा और प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ेगी।
मनरेगा में कार्यस्थल पर श्रमिकों की समूह में फोटो लेकर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की जाती थी। नई व्यवस्था में प्रत्येक श्रमिक की अलग-अलग फोटो लेकर एमएमएस सिस्टम के माध्यम से हाजिरी दर्ज होगी। एआई फीचर फोटो का विश्लेषण कर सुनिश्चित करेगा कि उपस्थिति दर्ज कराने वाला व्यक्ति संबंधित जॉबकार्ड धारक ही है।
फर्जी हाजिरी का प्रयास होने पर जिला और ब्लॉक स्तर पर बनाए गए निगरानी तंत्र को भी इसकी सूचना मिलेगी। नई व्यवस्था से वास्तविक श्रमिकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने और योजना में फर्जीवाड़े पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
-
एआई से फर्जी हाजिरी पर रोक लग सकेगी। साथ ही निगरानी भी आसान हो जाएगी। इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
-रवि शंकर पांडेय, उपायुक्त श्रम रोजगार