बहराइच। महाराजा अग्रसेन जयंती की पूर्व संध्या पर सोमवार को अग्रवाल सभा की ओर से नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा का जगह-जगह अभिनंदन व स्वागत किया गया। इस दौरान महाराजा अग्रसेन के जयकारों की गूंज रह-रह कर उठती रही।
समाज के लोगों ने स्टेशन रोड स्थित अग्रसेन चौक पर स्थापित महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का माल्यार्पण किया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण चुराते रहे। बेटी बचाओ नाटिका खूब सराही गई। लोगों ने इस मौके पर बेटी बचाने का संकल्प भी लिया।
शहर के फायर स्टेशन स्थित रामकुमार मदनलाल के प्रतिष्ठान के निकट से सोमवार को महाराजा अग्रसेन की शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा पीपल तिराहा, घंटाघर, छावनी होते हुए स्टेशन रोड स्थित अग्रसेन चौक पहुंची। यहां स्थापित महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा की पूजा-अर्चना विधि विधान से हुई।
प्रतिमा को पुष्प व माला भेंट कर सुख समृद्धि की कामना की गई। इस दौरान लोगों ने आतिशबाजी भी की। यात्रा के दौरान 18 गोत्र के स्वरूप समाज के बच्चे घोड़े पर सवार शोभायात्रा का आकर्षण चुराते रहे।
भारत माता, महाराजा अग्रसेन समेत कई महापुरुषों की भव्य झांकी आकर्षण का केंद्र रही। इसके बाद स्टेशन रोड स्थित डायमंड पैलेस सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। यहां गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्टून नेटवर्क, डीआईडी जूनियर शो के बाद झलक दिखला जा, रिश्तों के संग सीरियल के संग कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
श्याम महिला संघ की ओर से बेटी बचाओ नाटिका प्रस्तुत की गई। सभी ने बेटी बचाने का संकल्प लिया। इसके बाद पुरस्कार का वितरण व अंत्याक्षरी प्रतियोगिता भी हुई। इस अवसर पर संयोजक सुनील सिंघल, सचिन गर्ग, राजेश अग्रवाल आदि लोग मौजूद रहे।