बर्दिया गांव में नाला सफाई से पूर्व पूजन करतीं विधायक सरोज सोनकर।
बिछिया (बहराइच)। सीमावर्ती गांव बर्दिया में शनिवार से नाला सफाई का कार्य शुरू हुआ। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक सरोज सोनकर व उनके प्रतिनिधि आलोक जिंदल ने वैदिक मंत्रों के बीच पूजन करने के साथ तीन पुलिया का लोकार्पण भी किया।
न्याय पंचायत आम्बा के बर्दिया गांव में जनजातीय ग्रामीणों को रोजगार देने के लिए मनरेगा योजना से नाला खुदाई व सफाई का कार्य किया जाना है। इसका शुभारंभ बलहा विधायक ने पूजन के साथ किया। खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि बर्दिया गांव नेपाल सीमा से सटा हुआ है। नेपाल से बारिश का पानी कूला नाला में बहकर आता है। यह पानी नाले से निकलने के बजाय गांव में चला जाता है। इससे गांव में बाढ़ जैसे स्थिति हो जाती है। इस समस्या को देखते हुए विदेश के खेत से लेकर श्रीराम की बगिया तक एक हजार मीटर लंबे नाले की सफाई का कार्य किया जाना है। इसमें तीन सौ मजदूरों को रोजगार मिलेगा। इस मौके पर विधायक ने प्यारे के खेत के पास व आम्बा में अनंतराम व द्वारका के खेत के पास नवनिर्मित तीन पुलिया का लोकार्पण किया। इस मौके पर संतोष मौर्य, विवेक कुमार, ग्राम विकास अधिकारी सुशील सिंह, दीपक चौधरी, विजय वर्मा, श्यामलाल चौधरी, प्रीतम निषाद, इकरार अंसारी, माधुरी, आदि मौजूद रहे।