भारत नेपाल सीमा पर बढ़ी चौकसी।
- फोटो : amar ujala
पहलगाम के बायसरन घाटी में पर्यटकाें पर हुए आतंकी हमले के बाद भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। बार्डर से गुजरने वाले वाहनों का एसएसबी जवान डॉग स्क्वॉड व स्कैनर मशीन से सघन जांच कर रहे हैं। भारत-नेपाल की खुली सीमा पर स्थित एसएसबी चौकियों पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है और एसएसबी गश्त कर रही है।
पुलिस टीम भी बार्डर पर सक्रिय है। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकियों के कायराना हमले के रुपईडीहा स्थित भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस व एसएसबी जवान नेपाल की ओर से भारत में दाखिल होेने वाले प्रत्येक नागरिक का पहचान पत्र देखकर उन्हें प्रवेश दे रहे हैं।
ये भी पढ़े- पहलगाम हमला: आप सांसद संजय सिंह बोले- सेना को कमजोर न करें पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे मोदी सरकार
ये भी पढ़े- पहलगाम आतंकी हमला: ईदगाह में शोकसभा का आयोजन, धर्मगुरुओं ने घायलों की सलामती के लिए दुआ की
वहीं बार्डर से गुजरने वाले लोगोंं के सामान की स्कैनर मशीन व डॉग स्क्वाॅड की मदद से जांच की जा रही है। वाहनों को रोक कर उनकी सघन तलाशी की जा रही है। एसएसबी 42वीं वाहिनी के कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने बताया कि केवल रुपईडीहा ही नहीं, बल्कि सभी सीमावर्ती चौकियों पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
विस्फोटक और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है। रुपईडीहा सीमा चौकी पर तैनात सहायक कमांडेंट सुनील कुमार ने बताया कि जंगल के रास्ते से आने-जाने वालों की भी कड़ी निगरानी की जा रही है। सीसीटीवी कैमरोंं से भी नजर रखी जा रही है। रुपईडीहा थाना प्रभारी दद्दन सिंह ने बताया कि पुलिस बल हर संदिग्ध को रोक कर पूछताछ कर रहे हैं।