राज्यमंत्री बनने के बाद बलहा विधायक वंशीधर बौद्ध वनग्राम नई बस्ती टेड़िया स्थित आवास पर पहुंचे। सुबह उन्होंने चौपाल लगाकर लोगों से मुलाकात की। प्रमोशन मिलने के बाद बहराइच पहुंचे यासर ने दरगाह में चादर चढ़ाने के बाद लोगों से मुलाकात की। इस दौरान दोनों मंत्रियों के समर्थक काफी उत्साहित दिखे। फूल मालाओं से सभी ने स्वागत किया।
मुख्यमंत्री के मंत्रीमंडल विस्तार में पहली बार उप चुनाव जीतकर सदन पहुंचे बलहा विधायक बंशीधर बौद्ध को राज्यमंत्री बनाया है। वह शनिवार देर रात वनग्राम नई बस्ती टेड़िया पहुंचे। सुबह पहले की तरह राज्यमंत्री बंशीधर बौद्ध ने चौपाल लगाकर लोगों से मुलाकात की। इसके बाद पैदल क्षेत्र में भ्रमण किया।
काफी संख्या में राज्यमंत्री बंशीधर के समर्थक मौजूद रहे। मिहींपुरवा, सुजौली, बिछिया, निशानगाड़ा, गिरिजापुरी, कैलाशपुरी आदि स्थानों पर उनका स्वागत किया गया। ऊर्जा राज्यमंत्री से स्वतंत्र प्रभार का मंत्री बनने के बाद यासर शाह भी बहराइच पहुंचे। घाघराघाट से जनपद में प्रवेश के समय ही कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत शुरू कर दिया।
बहराइच शहर में पहुंचने पर मंत्री समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ सबसे पहले सैयद सालार मसऊद गाजी की दरगाह पर पहुंचे। यहां मंत्री यासर शाह ने चादर चढ़ाकर दुआ की। पिता डॉ. वकार अहमद शाह के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की।
मंत्री शाह का काफिला बड़ी तकिया, छोटी तकिया पहुंचा। दरगाह शरीफ के गोल कमरे में शाह ने दरगाह के कर्मचारियों से मुलाकात कर कहा कि जिले के साथ प्रदेश का विकास पहली प्राथमिकता में शामिल है। मुख्यमंत्री ने विधायक बंशीधर बौद्ध को मंत्रिमंडल में स्थान देकर साबित किया है कि सपा में सभी जाति और धर्म के लोगों का सम्मान है।