पयागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते जिलाधिकारी।
- फोटो : BAHRAICH
पयागपुर (बहराइच)। जिलाधिकारी गुरुवार को पयागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां औषधि वाटिका की टूटी बेंच देखकर वे भड़क गए। उन्होंने बेंच की मरम्मत कराने का निर्देश बीडीओ को दिया। वहीं, दंत चिकित्सक की अलमारी में गंदगी देखकर डीएम ने उसे प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए।
डीएम शंभु कुमार दोपहर एक बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पयागपुर पहुंचे। उन्होंने सर्वप्रथम ओपीडी के सामने बनी औषधि वाटिका का निरीक्षण किया। जहां टूटी बेंच की मरम्मत व तीमारदारों के बैठने की उचित व्यवस्था के बारे में खंड विकास अधिकारी शोभाराम मिश्र को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के अंदर कार्य पूरा कराएं।
इसके बाद औषधि वितरण केंद्र, इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी कक्षों का निरीक्षण किया। दंत चिकित्सा कक्ष के निरीक्षण में अलमारी में बेतरतीब रखी फाइलों के साथ गंदगी देखकर डीएम भड़क उठे। नाराजगी जताते हुए उन्होंने तैनात डेंटिस्ट अजय कुमार सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने का आदेश दिया। इसी प्रकार वार्ड व प्रसूतिका कक्ष व अन्य स्थानों पर साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त किए जाने का निर्देश दिया।
साथ ही साथ अधीक्षक डॉ. एनबी जायसवाल को कार्य पूरा करने के लिए एक सप्ताह की मोहलत दी। एसडीएम रामसंवारे वर्मा को एक सप्ताह बाद निरीक्षण कर आख्या देने का निर्देश दिया। इसके बाद परिसर में बने मुख्यमंत्री सुपोषण कक्ष का उद्घाटन किया। कक्ष में भर्ती बच्चों को फल व मिठाई बांटी। इस मौके पर सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. अजीत चंद्रा, डॉ. जयंत कुमार, बीडीओ शोभाराम मिश्र, एसडीएम रामसंवारे वर्मा आदि मौजूद रहे।