बहराइच के फत्तेपुरा में स्थित बेसन कारखाना में छापेमारी करते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। गोंडा रोड स्थित फत्तेपुरा गांव में श्याम ट्रेडर्स के नाम से संचालित बेसन के कारखाने पर शनिवार को खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन की टीम ने छापा मारा। इस दौरान कारखाने में मिलावट कर तैयार की गई बेसन की सामग्री, 213 बोरी तैयार, पांच क्विंटल चावल का आटा आदि मौके पर सीज करते हुए कारखाने के लाइसेंस को निरस्त कर दिया गया। कारखाना संचालक को नोटिस थमाते हुये दोबारा कारखाना न चलाने की चेतावनी दी है।
सहायक खाद्य आयुक्त देवीपाटन मंडल के निर्देश पर शनिवार को विभाग के अभिहित अधिकारी विनोद कुमार शर्मा की अगुवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गोंडा रोड स्थित फत्तेपुरा गांव में श्याम ट्रेडर्स के नाम से संचालित बेसन के कारखाने पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने मिलावटी बेसन तैयार होता पाया।
इस पर टीम ने कारखाना संचालक को फटकार लगाते हुए 110 बोरी एप्पल ब्रांड व 103 बोरी हाथी ब्रांड की तैयार बेसन की बोरी, पांच क्विंटल चावल का आटा, बेसन को कलर करने के लिए रखा गया रंग, एंजल ब्रांड की हल्दी व मिर्च पाउडर को सीज करते हुए कारखाने के लाइसेंस को निरस्त कर दिया। टीम ने करीब डेढ़ लाख का सामान सीज किया है।
संदिग्धता के आधार पर टीम ने बेसन के दो, चावल के आंटे का एक, रंग का एक, हल्दी पाउडर का एक और दाल का एक नमूना एकत्रित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। टीम ने कारखाना संचालक संजय अग्रवाल को नोटिस देकर कारखाने को दोबारा संचालन करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
इससे पूर्व भी विभाग द्वारा इसी कारखाने से प्रतिबंधित खेसारी का दाल बरामद कर कारखाने को सीज किया गया था। विभाग के डीओ शर्मा ने बताया कि सामान सीज करते हुए छह नमूने जांच के प्रयोगशाला भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि कारखाने का लाइसेंस निरस्त कर कारखाने को दोबारा न चलाने की हिदायत दी गई है।