नानपारा के कग्गर गांव में प्रशासन द्वारा ढहाया गया अतिक्रमण।
- फोटो : नानपारा के कग्गर गांव में प्रशासन द्वारा ढहाया गया अतिक्रमण।
शिवपुर। नानपारा तहसील क्षेत्र के ग्राम कग्गर में स्थित सरकारी जमीन पर किए गए अवैध निर्माण मंगलवार को तहसील प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिए। एसडीएम निर्देश पर हुई इस कार्रवाई से मौके पर अफरातफरी मच गई।
नानपारा तहसील क्षेत्र के ग्राम कग्गर स्थित गाटा संख्या 603 का रकबा 0.0024 राजस्व अभिलेखों में खाद के गड्ढे के नाम पर दर्ज है। इस सरकारी जमीन पर गांव के कुछ भू माफियाओं ने अवैध तरीके से कब्जा करते हुए पक्के निर्माण करा लिए थे। एसडीएम नानपारा मोनालिसा जौहरी ने मामले में संबंधित राजस्व निरीक्षक व क्षेत्र के लेखपाल की अगुवाई में टीम गठित कर अवैध निर्माण को ध्वस्त कराने का निर्देश दिया था। इसी के तहत मंगलवार को टीम बुलडोजर लेकर अवैध निर्माण वाले स्थल पर पहुंची। अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया गया। एसडीएम ने बताया कि अगर कहीं भी सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण व कब्जा होते पाया गया, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।