धरसवां (बहराइच)। विकास खंड चित्तौरा के ग्राम पंचायत मोहरना दबंगों ने ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कर लिया था। ग्रामीण की शिकायत पर सोमवार को प्रशासन की ओर से अवैध निर्माण को बुलडोजर लगाकर ढहा दिया गया।
मोहरना ग्राम पंचायत में ग्राम समाज की एक भूमि खाली पड़ी हुई थी। भूमि पर कुछ दिनों पूर्व गांव के ही कुछ दबंगों ने पक्की दीवाल खड़ी कर उस पर टिनशेड रख लिया था। इसकी शिकायत गांव निवासी रामदास ने एसडीएम सदर व प्रदेश के मुख्यमंत्री से की थी। लेखपाल दिलीप मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर दबंगों के जा रहे निर्माण कार्य को रुकवाकर चेतावनी दी थी, लेकिन उसके बाद भी दबंगों ने दीवार खड़ा कर उस पर टिनशेड रख लिया था।
इस खबर को अमर उजाला ने शनिवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेकर सोमवार को एसडीएम सदर के निर्देश पर राजस्व की टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्राम समाज की भूमि पर किया गया अवैध निर्माण को बुलडोजर से ढहा दिया। टीम ने अतिक्रमण करने वाले दबंगों की भी कड़ी चेतावनी दी। इस मौके पर हल्का लेखपाल दिलीप मिश्रा, कानूनगो सुनील सिंह समेत थाना कोतवाली देहात की पुलिस फोर्स मौजूद रही।