बहराइच। रबी सीजन 2025-26 के लिए जिले में गुणवत्तायुक्त बीजों की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है। कृषि विभाग द्वारा जिले के सभी 14 विकास खंडों में स्थित राजकीय कृषि बीज भंडारों पर गेहूं का बीज 50 प्रतिशत छूट पर उपलब्ध है। कृषक नियमानुसार अपना अंश जमा कर संबंधित विकास खंड के बीज गोदाम से गेहूं बीज प्राप्त कर सकते हैं।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. सूबेदार यादव ने बताया कि रबी फसल के लिए प्रमाणित और आधारीय बीजों की दरें निर्धारित कर दी गई हैं। प्रमाणित गेहूं बीज की दर 4680 रुपये प्रति क्विंटल और आधारीय गेहूं बीज की दर 4872 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। इसी प्रकार मसूर, मटर, चना, राई/सरसों, अलसी और तोरिया के बीज भी प्रमाणित और आधारीय श्रेणी में उपलब्ध हैं। इन बीजों पर अधिकतम 50 प्रतिशत का अनुदान दिया जाएगा।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
डॉ. यादव ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित मूल्य पर ही बीज खरीदें। यदि किसी बीज भंडार प्रभारी द्वारा अधिक मूल्य वसूला जाता है, तो किसान जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में स्थित कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 7839882245 या 9839701048 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जांच में सही पाए जाने पर संबंधित प्रभारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
किसानों को सलाह
कृषि अधिकारी ने किसानों को आधार कार्ड के साथ राजकीय बीज भंडार से समय से बीज लेने की सलाह दी है। साथ ही अधिक पैदावार के लिए खेत का मृदा परीक्षण कराकर संतुलित उर्वरकों के प्रयोग और समय पर बुवाई करने की भी अपील की है।