बहराइच। शहर के मोहल्ला नाजिरपुरा में अवैध बूचड़खाने पर दबिश देने गई पुलिस टीम पर लोगों ने हमला कर दिया। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। तीन लोग फरार हो गए।
कोतवाली नगर के मोहल्ला नाजिरपुरा में कुछ लोग अवैध तरीके से बूचड़खाना चला मांस काटकर बेचने का काम कर रहे थे। इसकी सूचना मुखबिर से प्रभारी निरीक्षक आरपी यादव को मिली। उनके निर्देश पर रोडवेज पुलिस चौकी के प्रभारी पवन गिरि व सिविल लाइंस चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह ने टीम के साथ बुधवार सुबह दबिश दी। मोहल्ला निवासी बबलू उर्फ जावेद के घर छापामारी करते ही चार लोगों ने पुलिस पर बांके से हमला कर दिया। बचाव करते हुए पुलिस ने बबलू को गिरफ्तार कर लिया।
उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर एक पड़वा, 2.50 क्विंटल मांस, चाकू आदि बरामद किया है। पुलिस ने जानलेवा हमले के प्रयास, अवैध तरीके से पशु वध करने आदि धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक आरपी यादव ने बताया कि केस दर्ज कर सभी को जेल भेज दिया गया है।