यूपी के बहराइच में गुरुवार की रात दुष्कर्म के आरोपी की रामगांव थाने में मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने थाने में जमकर हंगामा किया। चार थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू किया। मामले मे थानाध्यक्ष और कई पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज की गई है।
मामले में थानाध्यक्ष ने गुरुवार की रात रामगोपाल को कुड़वा चौराहा स्थित मेडिकल स्टोर से पकड़ा। उसे थाने ले गए। थाने में उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने तबीयत खराब होने की बात कहकर रामगोपाल को उसके घर के सामने लाकर छोड़ दिया। परिजनों ने देखा तो रात 2.00 बजे शव लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। वहां पर डॉक्टरों ने मृत होने की पुष्टि कर दी।
इसके बाद आक्रोशित परिजन रात में ही शव लेकर थाने पहुंच गए और हंगामा करने लगे। उन्होंने पुलिस पर जहर देकर व पीट करके हत्या करने की बात कही। रात में ही बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंच गए। मौके पर भीड़ बढ़ती देख चार थानों की पुलिस बुलाई गई। सीओ पवन कुमार भी मौके पर पहुंचे। परिजन थानाध्यक्ष पर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग पर अड़ गए।
सीओ पवन कुमार ने बताया कि परिजनों व अन्य लोगों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया गया है। मृतक के पुत्र अनिकेत श्रीवास्तव की तहरीर पर थानाध्यक्ष गुरुसेन सिंह व थाने के अन्य पुलिसकर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। कोतवाली देहात, खैरीघाट और हरदी तथा रिसिया थाने की पुलिस को बुलाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
पुलिस हिरासत में दम तोड़ने वाला रामगोपाल मेडिकल स्टोर चलाता था। परिजनों के मुताबिक, रात में पुलिस उसे कुड़वा मेडिकल स्टोर से ही पकड़कर ले गई थी।