बौंडी (बहराइच)। लखनऊ-बहराइच हाईवे पर टिकोरामोड़ के पास मेलार्थियों से भरी पिकअप ट्रक से भिड़ गई। ट्रक में सवार कुछ महिलाएं चोटिल हुई हैं। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया। चोटिल लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा। इस दौरान लोगों की भीड़ जमा रही।
हरदी थाना अंतर्गत बहरापुर गांव निवासी विद्याराम के तीन वर्षीय पुत्र धनीराम का बृहस्पतिवार को मुंडन संस्कार कार्यक्रम आयोजित था। परिवारीजनों के साथ गांव के लोग पिकअप वाहन से कोतवाली देहात के मरीमाता मंदिर पहुंचे। यहां पर मुंडन संस्कार निपटाने के बाद सभी वापस घर जाने लगे। शाम चार बजे के आसपास लखनऊ-बहराइच मार्ग पर टिकोरामोड़ पुलिस के निकट ट्रक और पिकअप में भिड़ंत हो गई।
आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। हादसे की सूचना पाकर टिकोरामोड़ चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे में चोटिल महिला श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा जबकि अन्य लोगों को घर भेज दिया गया है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।