बहराइच। कन्नौज से आलू उतारकर बहराइच आ रही मजदूरों से भरी पिकअप शनिवार भोर में बहराइच-सीतापुर मार्ग पर रमपुरवा चौकी क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इससे पिकअप में सवार एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि 16 घायल हो गए। इलाज के लिए सभी को मेडिकल कॉलेज बहराइच में भर्ती कराया गया। सात की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों में कोहराम मच गया।
कन्नौज के एक कोल्ड स्टोरेज में बहराइच व श्रावस्ती के करीब 21 मजदूर काम करते हैं। वे शुक्रवार रात कोल्ड स्टोरेज में आलू उतारने के बाद अपने घर जाने के लिए पिकअप यूपी 74 टी 6515 से रवाना हुए। शनिवार तड़के लगभग चार बजे सीतापुर-बहराइच मार्ग पर पिकअप हरदी थानाक्षेत्र के रमपुरवा चौकी के पास पहुंची तभी चालक को झपकी आ गई और पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और पिकअप में 17 मजदूरों को गंभीर चोटें आई।
घटना की सूचना पर हरदी थानाध्यक्ष आरपी यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकला गया। एंबुलेंस की मदद से घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच भेजा गया। अस्पताल में इलाज के दौरान श्रावस्ती जिले के सोनवा थाना क्षेत्र के बनिया गांव निवासी अंबरीश की मौत हो गई, जबकि छल्लर, प्रताप नारायण, जगराम, तेजराम, बुधई, अमनू, दिनेश, दीपक, मुजउ, धीरज, बुधराम, जवाहरलाल व नानछु का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जिनमें सात की हालत चिंताजनक बनी हुई है। पुलिस ने मृतमजदूर का शव कब्जे मेें लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अंबरीश की मौत पिकअप के ऊपर बैठने के कारण बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पिकअप के टकराने के बाद वह सीधे पेड़ से टकरा गया और गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
परिवार के लिए कमाकर लौट रहे मजदूरों के साथ हादसा होने की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन अस्पताल पहुंचकर अपनों को खोजने में जुटे रहे। घायलों को देखने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
रमपुरवा में हादसे के बाद इलाज के लिए लाए गए मजदूरों को भर्ती कराने व उनके परिजनों को संतुष्ट जवाब देने के दौरान अस्पताल में अफरा-तफरी मची रही। घायलों के परिजन अपनों का हाल जानने के लिए चिकित्सकों को घेरे रहे। सब ठीक है सुनने के बाद ही परिजनों ने राहत की सांस ली।