बहराइच। सन्नाटे को चीर रही पुरवइया हवा के बीच अचानक बचाओ-बचाओ की चीखों से पूरा रमपुरवा शनिवार सुबह दहल उठा। 16 लोगों की जिंदगियां पेड़ और पिकअप केे बीच फंसी हुई थीं। पास में खड़ी पुलिस की पिकेट व सूचना पर पहुंची थाने की पुलिस मजदूरों के लिए भगवान की तरह सामने आई और पिकअप में खून से लथपथ पड़े मजदूरों को बाहर निकाला।
आगे की सीट पर बैठे तीन लोगों को निकालने के लिए जेसीबी मंगवानी पड़ी। लगभग 25 मिनट तक तीन मजदूर जिंदगी और मौत से जूझते रहे। उन्हेें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। हरदी थानाध्यक्ष आरपी यादव ने आनन-फानन में जेसीबी की व्यवस्था कर पेड़ से चिपकी पिकअप को बाहर खिंचवाया और फिर खुद सिपाहियों के साथ मिलकर वाहन के अगले चिपके हिस्से को कड़ी मशक्कत से खींचा। फिर जाकर फंसे तीन लोगों को बाहर निकाला जा सका।
पांच एंबुलेंस से भेजे मजदूर
हरदी थानाध्यक्ष आरपी यादव ने बताया कि घायलों की हालत देखकर पहले यह अंदाजा नहीं लगाया जा सका कि गाड़ी में कितने मजदूर सवार है। 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। पांच एंबुलेंस की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया जा सका।