रिसिया। ग्राम पंचायत शाहनवाजपुर में आयोजित अमरनाथ क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-2 के पांचवें दिन पहला सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया। यह मैच साहबपुरवा बी और आस्था टीम बहराइच के बीच हुआ, जिसमें आस्था टीम ने जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए आस्था टीम ने निर्धारित आठ ओवरों में 45 रनों का लक्ष्य रखा।
टीम की ओर से सूरज ने सर्वाधिक 11 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी साहबपुरवा बी की टीम आस्था टीम की सटीक गेंदबाजी के आगे टिक नहीं सकी। सोनू निषाद के 17 रनों के संघर्ष के बावजूद पूरी टीम मात्र 36 रनों पर सिमट गई। आस्था टीम बहराइच ने यह मुकाबला जीतकर टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। सूरज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अगला मैच उचवा पुरैनी और शाहनवाजपुर के बीच होगा।