नानपारा। मटिहा गांव के मजरा लीलापुरवा में मंगलवार देर शाम नवनिर्मित दीवार की तराई कर रहे युवक को रंजिश में कुछ लोगों ने तमंचे से गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल युवक के पट्टीदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
गांव निवासी विनोद यादव (30) ने बताया कि शाम को वह अपने घर की दीवार की तराई कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही दो लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार लेकर उन्हें दौड़ा लिया। इसके बाद आरोपियों ने तमंचे से गोली मार दी। पेट में गोली लगने से वह घायल हो गए। परिजन उन्हें घायल अवस्था में लेकर कोतवाली पहुंचे।
पुलिस ने सीएचसी भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. संतोष यादव ने बताया कि घायल के शरीर से काफी खून बह चुका था। क्षेत्राधिकारी पहुंप सिंह ने बताया कि घायल युवक को इलाज के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि फायरिंग करने वाले घटना के बाद भाग निकले हैं। उनकी तलाश की जा रही है।