फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ससुराल में युवक की हत्या, पेड़ से लटकाया शव

विज्ञापन
विशेश्वरगंज पुलिस द्वारा पकड़े गए हत्या के आरोपी। - फोटो : BAHRAICH
विज्ञापन
विशेश्वरगंज (बहराइच)। थाना क्षेत्र के बघौड़ा गांव निवासी एक युवक विशेश्वरगंज में अपनी ससुराल गया था। यहां पारिवारिक कलह में विवाद होने पर पत्नी ने अपनी मां व पिता के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वारदात को छिपाने के लिए युवक के शव को पास ही स्थित पेड़ से लटका दिया। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर आरोपी पत्नी, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। इन सभी को जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन

दरगाह शरीफ थाना अंतर्गत बघौड़ा पकड़ी गांव निवासी मुकेश उर्फ लालबाबू पुत्र जगदीश की ससुराल विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के बहरे कुइयां गांव में है। गांव निवासी उत्तम प्रसाद की बेटी मंशा देवी उर्फ मनीषा से उसका विवाह करीब चार वर्ष पूर्व हुआ था। जबकि गौना एक वर्ष पूर्व हुआ था। मुकेश नशे का आदी था, जिसके चलते वह आए दिन अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था।
इससे परेशान होकर पत्नी अपने मायके चली आई थी। दो दिन पूर्व मुकेश अपनी ससुराल पहुंच गया। यहां रात में वह रुका हुआ था। कहासुनी के बाद यहां भी उसने मारपीट शुरू कर दी। इस पर मंशा देवी उर्फ मनीषा ने अपने पिता उत्तम प्रसाद पुत्र लोचन और मां मंजू देवी के साथ मिलकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
विज्ञापन

हत्या के बाद उसे आत्महत्या दिखाने के लिए आरोपी शव को गांव के बाहर ले गए और यहां एक आम के पेड़ पर दुपट्टे से उसके शव को लटका दिया। पुलिस ने युवक के पिता की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर लिया। मामले की जांच शुरू की गई। जिसमें पत्नी और सास-ससुर की ओर से हत्या किए जाने का खुलासा हुआ। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार जेल भेज दिया गया है।
नहीं थी कोई संतान
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मनीषा के अभी तक कोई संतान नहीं थी। नशेड़ी पति से छुटकारा पाने के लिए मंशा देवी ने परिवार के लोगों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। जिससे वह दूसरी शादी कर सुखमय जीवन बिता सके। लेकिन अपराध के चलते उसे अब सलाखों के पीछे ही रहना पड़ेगा।
परिवार से अलग रहता था मुकेश
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मुकेश उर्फ लाल बाबू नशे की गोलियां खाने का आदी था। साथ ही शराब आदि भी पीता था। जिससे आए दिन उसके परिवार के लोग भी काफी नाराज रहते थे। इसी बात को लेकर कुछ दिन पूर्व घर में विवाद हुआ था। करीब 15 दिनों से वह अपने परिवार से अलग रह रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें