पयागपुर (बहराइच)। पयागपुर पुलिस को रविवार की देर रात गश्त के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने विभिन्न थानों पर वांछित चल रहे शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर चोरी की पांच बाइकें बरामद कीं। आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
पयागपुर थाना प्रभारी करुणाकर पांडेय ने बताया कि शातिर अपराधियों की धरपकड़ के लिए रविवार की रात पुलिस गश्त कर रही थी। इस दौरान दरगाह थाना क्षेत्र के नूरूद्दीन चक निवासी शातिर अपराधी साबिर अली के दिखने की गुप्त सूचना मिली। सूचना पर उप निरीक्षक नितिन कुमार उपाध्याय, मुख्य आरक्षी निर्भय नाथ पांडेय, आरक्षी आशीष चौहान व शुभम शर्मा ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को रात लगभग ढाई बजे सुकईपुरवा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की पांच बाइकें बरामद की गई हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी साबिर अली पर रिसिया, दरगाह शरीफ, नगर कोतवाली व कोतवाली नानपारा में गैंगस्टर समेत 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी को जेल भेज दिया गया।