बहराइच। भारत-नेपाल सीमा के लोगों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। 31 अगस्त को नेपालगंज रोड से वाराणसी सिटी के बीच रेल सेवा के संचालन का शुभारंभ होगा। पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन संख्या 05064 नेपालगंज रोड से वाराणसी सिटी तक चलाई जाएगी। ट्रेन नेपालगंज रोड से दोपहर 2:45 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:25 बजे वाराणसी सिटी पहुंचेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि इस रेल सेवा के शुरू होने से बहराइच समेत भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के लोगों को वाराणसी और पूर्वांचल के प्रमुख शहरों तक सीधा रेल संपर्क मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
रेलवे के अनुसार विशेष ट्रेन 31 अगस्त को नेपालगंज रोड से 14:45 बजे रवाना होगी। इसके बाद नानपारा में 15:10 बजे, रिसिया में 15:44 बजे और बहराइच में 16:02 बजे पहुंचेगी। यहां से 16:32 बजे पयागपुर के लिए रवाना होगी।
ट्रेन गोंडा, बलरामपुर, तुलसीपुर, बढ़नी, सिद्धार्थनगर और आनंदनगर होते हुए रात में गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद देवरिया, भटनी, मऊ, औंड़िहार और सारनाथ होते हुए अगले दिन सुबह 5:25 बजे वाराणसी सिटी पहुंचेगी।
-
17 कोच की होगी विशेष ट्रेन
विशेष ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें दो जनरेटर सह लगेज यान, पांच सामान्य द्वितीय श्रेणी, एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, दो वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और सात शयनयान श्रेणी के कोच शामिल हैं। इससे अलग-अलग श्रेणी के यात्रियों को यात्रा की सुविधा मिलेगी।
-
मुफ्त यात्रा के लिए आज ही टोकन लेने का मौका
जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि विशेष ट्रेन में यात्रियों के लिए निशुल्क यात्रा की सुविधा भी दी गई है। 31 अगस्त को नेपालगंज रोड से बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, बढ़नी, सिद्धार्थनगर, आनंदनगर, गोरखपुर होते हुए वाराणसी सिटी तक निशुल्क यात्रा करने के इच्छुक यात्रियों को सुबह 10 बजे तक नेपालगंज रोड स्टेशन के टिकट काउंटर से निशुल्क यात्रा टोकन प्राप्त करना होगा। टिकट काउंटर पर यात्रियों को अपना व्यक्तिगत परिचय विवरण भी उपलब्ध कराना होगा।
-
रेल मंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से करेंगे शुभारंभ
बहराइच। बहराइच-नानपारा-नेपालगंज रोड ब्रॉडगेज रेल लाइन पर 31 अगस्त को रेल सेवा के शुभारंभ का कार्यक्रम होगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ अरिजीत सिंह ने बताया कि दोपहर 1:30 बजे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इसका उद्घाटन करेंगे। इसी के साथ वाराणसी-बहराइच एक्सप्रेस, वाराणसी सिटी-गोरखपुर एक्सप्रेस तथा गोंडा-बहराइच के बीच चलने वाली 75109/10 और 75111/12 डेमू ट्रेनों का नेपालगंज रोड तक विस्तार भी शुरू होगा। इससे भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।