कतर्नियाघाट के चकिया रेंज में वन विभाग द्वारा छोड़ी गई मादा तेंदुआ।
बहराइच। बहराइच वन प्रभाग के हरदी क्षेत्र अंतर्गत गरेठी गुरदत्त सिंह गांव में मंगलवार की रात पिंजरे में कैद हुई मादा तेंदुआ स्वास्थ्य परीक्षण में पूरी तरह स्वस्थ मिली। वन विभाग ने उसे चकिया रेंज के जंगल में छोड़ दिया है।
डीएफओ अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि तेंंदुए को पिंजरा सहित रेंज कार्यालय लाया गया था। जहां पशु चिकित्सकों के पैनल ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया। उसकी उम्र लगभग तीन साल है। वन टीम ने चकिया रेंज के जंगल में उसे छोड़ दिया है।
हरदी क्षेत्र के गरेठी गुरदत्त सिंह गांव में बीते शनिवार रात को अज्ञात जानवर ने एक बछिया व रविवार की रात एक कुत्ते को निवाला बनाया था। घटना के बाद डीएफओ अजीत प्रताप सिंह ने गांव में पिंजरा लगवाया था, जिसमें मंगलवार की रात एक मादा तेंदुआ कैद हुई थी और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली थी।