मिहींपुरवा-बिछिया मार्ग पर रास्ता पार करता हाथियों का झुंड।
- फोटो : मिहींपुरवा-बिछिया मार्ग पर रास्ता पार करता हाथियों का झुंड।
बिछिया। कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के निशानगाड़ा रेंज में बृहस्पतिवार सुबह 6 बजे के आसपास बिछिया-मिहीपुरवा मार्ग पर जंगली हाथियों का झुंड अचानक पहुंच गया। इससे राहगीर दहशत में आ गए। सुबह जब लोग दैनिक कार्यों के लिए घर से निकले तभी हाथियों की आवाज सुनाई दी। लोग आगे बढ़े तो हाथियों का झुंड सड़क पर देख कर सकते में आ गए। झुंड बीच सड़क पर होने के कारण मिहींपुरवा की तरफ जा रहे कई राहगीर सुरक्षित दूरी बनाते हुए पहले ही रुक गए और कुछ लोग वापस बिछिया लौट आए।
कुछ देर बाद जब निजी बस और अन्य वाहन एक साथ मार्ग से गुजरने लगे, तो हाथियों का झुंड धीरे-धीरे सड़क से हटकर घने जंगल की ओर चला गया। इसके बाद फिर से आवागमन शुरू हो सका।इस बीच लगभग डेढ़ घंटे आवागमन प्रभावित रहा। बिछिया और निशानगाड़ा वन बैरियर से गुजरने वाले लोगों को वन विभाग की टीम ने सतर्क रहने की सलाह दी है।