बहराइच। कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) योजना के तहत रविवार को 70 किसानों का प्रशिक्षण दल कृषि भवन से रवाना किया गया। उपनिदेशक कृषि विनय कुमार वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किसानों के दल को पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर (उधम सिंह नगर, उत्तराखंड) और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली भ्रमण के लिए भेजा।
उपनिदेशक कृषि ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि वह प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और वहां बोई गई विभिन्न फसलों का ध्यानपूर्वक अवलोकन करें। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेती की नई तकनीक को सीखकर अपने खेतों में अपनाएं और आसपास के किसानों को भी इसकी जानकारी दें। इससे फसल उत्पादन बढ़ेगा और किसानों की आय में सुधार होगा।
इस मौके पर जिला उद्यान अधिकारी दिनेश चौधरी, शिशिर कुमार वर्मा, योगेंद्र मणि त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।