बहराइच। देहात कोतवाली क्षेत्र के चौखड़िया गांव में बृहस्पतिवार को दो रुपये के विवाद में एक किशोरी ने दस वर्षीय बालिका पर हंसिये से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे परिजनों ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
चौखड़िया निवासी राधा के मुताबिक, उनकी बेटी मोहिनी बृहस्पतिवार को लकड़ी लेने घर से बाहर गई थी। रास्ते में उसका दो रुपये का सिक्का गिर गया। इसी बीच वहां से गुजर रही गांव की एक किशोरी ने उक्त सिक्का उठा लिया। मोहिनी ने उसे सिक्का उठाते देखा तो अपना पैसा वापस मांगा, लेकिन किशोरी पैसा लौटाने के बजाय मोहिनी से झगड़ने लगी। झगड़े के दौरान किशोरी ने मोहिनी पर हंसिए से हमला कर दिया। हंसिया उसके सिर में धंस गया और चेहरे तक गंभीर घाव हो गया। घरवालों को इसका पता चला तो वे आनन-फानन घायल बेटी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां उसे गंभीर हालत में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। मां राधा ने बताया कि बेटी गांव के सरकारी स्कूल में कक्षा दो में पढ़ती है। इमरजेंसी में तैनात डॉ. मनोज ने बताया बालिका के चेहरे पर धारदार हथियार का काफी गहरा घाव है, जिसका एक्सरे कराया गया है। बालिका का उपचार किया जा रहा है।