बहराइच/महसी। पांच दिन से लापता ग्राम पंचायत पन्नहा के मजरा रमपुरवा निवासी लकी पांडेय (18) का शव मंगलवार सुबह घर से कुछ दूरी पर बने टि शेड में पड़ा मिला। लकी के गले में दुपट्टे का फंदा लगा था और टिनशेड में भी दुपट्टे का फंदा लगा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
हरदी क्षेत्र के रमपुरवा निवासी करुणा शंकर पांडेय ने बताया कि 25 अप्रैल को इंटरमीडिएट का रिजल्ट आया था। लकी ने अपनी सहेली को फोन कर रिजल्ट दिखवाया तो वह फेल मिली। लकी को विश्वास नहीं हुआ तो उन्होंने अपने मामा से भी रिजल्ट देखने को कहा, जिस पर मामा ने भी फेल होने की पुष्टि कर दी। जिसके बाद लकी बहुत दुखी थीं और शाम तीन बजे कहीं चली गई थीं। गांव में तलाशने के बाद रिश्तेदारों के यहां भी खोजबीन की गई, लेकिन वह नहीं मिलीं। जिसके बाद 26 को थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। तलाश के दौरान उनका शव घर से कुछ दूरी पर बंद पड़े टिनशेड में पड़ा मिला।
सीओ धीरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की हैै। प्रथम दृष्टया छात्रा द्वारा आत्महत्या करना प्रतीत हो रहा है। हर पहलू की जांच की जा रही है।