बहराइच के देहात कोतवाली परिसर में खड़ी बाइकें।
- फोटो : बहराइच के देहात कोतवाली परिसर में खड़ी बाइकें।
बहराइच। थानों और परिवहन विभाग द्वारा पकड़े गए वाहनों को खड़ा करने की लंबे समय से चली आ रही समस्या अब जल्द दूर होने वाली है। जिला मुख्यालय पर एक केंद्रीय डंपिंग यार्ड बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए टिकोरा मोड़ के निकट जमीन चिह्नित की गई है, जहां थानों में जब्त और यातायात पुलिस और एआरटीओ द्वारा पकड़े गए वाहन सुरक्षित खड़े किए जा सकेंगे।
वर्तमान में जिले के 26 थानों में स्थिति यह है कि दुर्घटनाग्रस्त, सीज और जब्त वाहन थानों के परिसर में ही खड़े रहते हैं। कई थाने कबाड़खाने जैसे नजर आने लगे हैं। इसके अलावा यातायात पुलिस और एआरटीओ की कार्रवाई में पकड़े गए वाहनों को रखने के लिए भी पर्याप्त स्थान नहीं है, जिससे वाहनों को सड़क किनारे या इधर-उधर खड़ा करना पड़ता है।
यातायात प्रभारी रामप्रकाश यादव ने बताया कि इस समस्या को लेकर उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई थी, जिस पर डंपिंग यार्ड की स्थापना को हरी झंडी मिल गई है। फिलहाल ग्राम समाज की जमीन को चिन्हित किया जा रहा है। टिकोरा मोड़ के पास एक उपयुक्त स्थल देखा गया है। यदि कोई व्यक्ति अपनी निजी जमीन किराए पर देने के लिए आगे आता है तो उस विकल्प पर भी विचार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनवरी माह में जमीन को अंतिम रूप देकर कार्ययोजना तैयार कर ली जाएगी। इसके बाद चिन्हित स्थल पर तार फेंसिंग कराई जाएगी और वाहनों को वहां स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू होगी।