बहराइच। सरयू नदी के किनारे मगरमच्छों की मौजूदगी से बिसवां ग्राम पंचायत के लोगों में दहशत है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मगरमच्छ ने एक सांड़ पर हमला कर दिया। हालांकि, सांड़ उसकी पकड़ से बच निकला। घटना के बाद नदी पार कर खेत जाने वाले किसानों की चिंता बढ़ गई है।
बिसवां गांव निवासी राजकुमार, दीनानाथ और घसीटे ने बताया कि नदी की छड़ान के दूसरी ओर उनके खेत हैं। जुताई और बोआई के लिए उन्हें रोजाना पैदल नदी पार करनी पड़ती है। आवागमन का दूसरा रास्ता न होने से वे मजबूरी में नदी पार करते हैं। ऐसे में मगरमच्छों के हमले का खतरा बना रहता है।
वन क्षेत्राधिकारी मो. शाकिब ने ग्रामीणों को नदी पार करते समय सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने मगरमच्छों की मौजूदगी वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से जाने से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है।