शिवपुर (बहराइच)। ग्राम पंचायत महंतपुरवा निवासी करन (12) बृहस्पतिवार सुबह नाले के किनारे शौच के लिए गया था। जहां उस पर मगरमच्छ ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों ने किशोर को बचाकर उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
खैरीघाट के महंतपुरवा निवासी बुधराम ने बताया कि उनका पोता करन सुबह घर से शौच के लिए गया था। जब वह सरजू नदी से निकले नाले के किनारे शौच कर रहा था, उसी दौरान नाले में मौजूद मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया। बाल के चिल्लाने का शोर सुनकर आसपास खेतो में मौजूद ग्रामीण दौड़े और काफी मशक्कत के बाद किशोर को मगरमच्छ के जबड़े से बचाया।
हमले में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल को शिवपुर सीएचसी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे मेडिकल कॉलेज लेकर के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया है।