बहराइच। शहर में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए सोमवार को आधी रात तक औषधि विभाग के अधिकारियों ने छापा मारा। 11 बोरियों में 1102 शीशी प्रतिबंधित कोडीन सिरप और 51,840 कैप्सूल की खेप बरामद हुई है। दवाओं को सीज कर दो लोगों को जेल भेज दिया गया।
लखनऊ के सहायक आयुक्त औषधि मुकेश कुमार ने बताया कि मेसर्स मेडरेड फार्मा, लखनऊ द्वारा मेसर्स रायल फार्मा, बहराइच के नाम से प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की बड़ी खेप बेचने की सूचना मिली थी। इसके बाद औषधि निरीक्षक बहराइच विनय कृष्ण, श्रावस्ती के औषधि निरीक्षक श्रीकांत गुप्ता, गोंडा के औषधि निरीक्षक सुमित कुमार और पुलिस उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार बौद्ध की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई शुरू हुई।
उन्होंने बताया कि टीम ने सोमवार देर शाम बजीरबाग, दरगाहशरीफ और सलारगंज क्षेत्रों में एक साथ छापे मारे। जांच के दौरान मेसर्स रायल फार्मा नाम की फर्म बंद मिली। मौके पर पहुंचे मोहम्मद अली सरीम मेकरानी ने खुद को दुकान का प्रोपराइटर बताया, लेकिन उनके पास किसी प्रकार का औषधि विक्रय या भंडारण लाइसेंस नहीं था।
आरोपी सरीम मेकरानी और मोहम्मद आफताब के घरों की तलाशी में वहां से बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद की गईं। इसके अलावा, आफताब की मां मुमताज बेगम के घर की तलाशी में भी एमरेक्स सिरप और फेनसिपिक-टी सिरप की पेटियां मिलीं। वहीं, घर के बाहर खड़ी कार से भी दवाओं की कई पेटियां बरामद हुईं।
सहायक आयुक्त ने बताया कि देर रात संभावित स्थानों को खंगाला गया। टीम ने एमरेक्स सिरप की 1102 शीशियां और स्पास्नोवॉन कैप्सूल के 51,840 पीस बरामद किए।
काेतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि इस कार्रवाई में मोहम्मद अली सरीम मेकरानी और मोहम्मद आफताब को गिरफ्तार किया है। वहीं मुमताज बेगम से पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया है। औषधि निरीक्षक विनय कृष्ण ने बताया कि महिला के घर से बरामदगी हुई है, लेकिन जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बरामद दवाओं के चार अलग-अलग नमूने लेकर विश्लेषण के लिए भेज दिए गए हैं। सभी बरामद माल, वाहन और दस्तावेजों को पुलिस ने सील कर अपने कब्जे में ले लिया है।
औषधि निरीक्षक बोले- आगे और खुलासे संभव
औषधि निरीक्षक विनय कृष्ण ने बताया कि यह नेटवर्क व्यापक रूप से फैला हुआ था। दो प्रमुख सप्लायर गिरफ्तार किए गए हैं, जांच में और भी नाम सामने आने की संभावना है।
कार में लगे विधानसभा पास की जांच में जुटी पुलिस
शहर के मोहल्ला सलारगंज निवासी मुमताज बेगम के घर के सामने खड़ी कार पर विधानसभा का पास लगा हुआ है। पूछताछ में मुमताज बेगम ने कार अपनी होने का दावा किया, जबकि कार लखनऊ के बालागंज निवासी एक व्यक्ति के नाम से पंजीकृत है। कार से भारी मात्रा में कोडीन सिरप की पेटियां मिली हैं। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि कार में लगे विधानसभा पास के बारे में वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सकी हैं। मामले की जांच की जा रही है।